पटना, 11 जुलाई: बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अंतिम समय में बड़ा राजनीतिक फैसला लेते हुए अपने घोषित प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा की जगह नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। अभिषेक कुमार ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपना नामांकन वापस ले लिया, जिसके बाद भाजपा ने तत्काल नीरज कुमार सिन्हा के नाम की घोषणा कर दी।
बांकीपुर सीट इस बार पूरे बिहार की सबसे चर्चित सीटों में शामिल है, क्योंकि यहां जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर चुनावी मैदान में हैं। भाजपा के उम्मीदवार बदलने के फैसले ने चुनावी मुकाबले को और अधिक दिलचस्प बना दिया है।
नीरज कुमार सिन्हा भाजपा के पुराने और समर्पित कार्यकर्ता माने जाते हैं। उनका परिवार लंबे समय से जनसंघ और भाजपा की विचारधारा से जुड़ा रहा है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि उनकी उम्मीदवारी से संगठनात्मक मजबूती और पारंपरिक समर्थकों का भरोसा और मजबूत होगा।
गौरतलब है कि भाजपा ने कुछ दिन पहले ही युवा नेता अभिषेक कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया था। उन्होंने नामांकन भी दाखिल कर दिया था, लेकिन अचानक नाम वापस लेने के बाद पार्टी को नया प्रत्याशी घोषित करना पड़ा।
बांकीपुर सीट भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न मानी जा रही है। यह सीट राज्यसभा सदस्य बनने के बाद नितिन नवीन के इस्तीफे से रिक्त हुई थी। अब भाजपा के नए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा का सीधा मुकाबला जन सुराज के प्रशांत किशोर और अन्य विपक्षी उम्मीदवारों से होगा। ऐसे में यह उपचुनाव बिहार की राजनीति का सबसे चर्चित मुकाबला बन गया है।