रामगढ़, 08 जुलाई: उपायुक्त के निर्देशानुसार रामगढ़ जिले के दुलमी प्रखंड (अंचल) कार्यालय में झारखंड आंदोलनकारियों के बीच पहचान पत्रों का गरिमापूर्ण वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य झारखंड राज्य गठन आंदोलन में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों को सम्मान प्रदान करना तथा उन्हें सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं से जोड़ना था।
कार्यक्रम के दौरान अंचल प्रशासन के अधिकारियों ने आंदोलनकारियों को पहचान पत्र सौंपते हुए उनके योगदान की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों का संघर्ष राज्य के निर्माण की आधारशिला रहा है और राज्य सरकार उनके सम्मान एवं कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इस अवसर पर आंदोलनकारियों से पहचान पत्र का उपयोग विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ लेने में करने का आग्रह किया गया। साथ ही उन्हें सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस दौरान दुलमी अंचल के पदाधिकारी, कर्मचारी तथा झारखंड आंदोलनकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने कहा कि पात्र सभी आंदोलनकारियों तक पहचान पत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।