रामगढ़ में 130 से अधिक खिलाड़ियों ने दी कराटे कलर बेल्ट ग्रेडेशन परीक्षा, काश्वी मेहता बनीं ओवरऑल बेस्ट कराटेका

Spread the News

रामगढ़, 5 जुलाई: रामगढ़ कैंट स्थित द टेंपल ऑफ वॉरियर्स में रविवार को आयोजित कराटे कलर बेल्ट ग्रेडेशन परीक्षा में 130 से अधिक खिलाड़ियों ने उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लिया। परीक्षा का आयोजन शिहान शशि पांडे (ब्लैक बेल्ट 6th डान) के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

ग्रेडेशन टेस्ट के मुख्य परीक्षक, मुख्य रेफरी एवं मुख्य जज के रूप में क्योशी नरेंद्र सिन्हा (ब्लैक बेल्ट 7th डान), डेप्युटी असिस्टेंट चीफ इंस्ट्रक्टर ऑफ इंडिया, शोतोकान कराटे फेडरेशन ऑफ इंडिया उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों की बेसिक तकनीक, काता, कुमिते, शारीरिक क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और तकनीकी दक्षता का मूल्यांकन किया।

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए क्योशी नरेंद्र सिन्हा ने कहा कि कराटे में बेल्ट केवल रंग नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास का प्रतीक है। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

शिहान शशि पांडे ने सफल प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि नई बेल्ट नई जिम्मेदारी भी लेकर आती है। उन्होंने कहा कि कराटे आत्मरक्षा के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और चरित्र निर्माण का सशक्त माध्यम है।

ग्रेडेशन परीक्षा में प्रत्येक बेल्ट श्रेणी के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को बेस्ट कराटेका सम्मान से नवाजा गया। इनमें 9th Kyu में अंकिता पोद्दार और आकांक्षा पोद्दार, 7th Kyu में जिया कुमारू और प्रिंस कुमार, 6th Kyu में अविका आर्यन, आयुस्मित जेना और नैतिक राज, 5th Kyu में गुरबाज़ सिंह, अनुष्का प्रिया और आन्या श्री, 4th Kyu में अमीता कुमारू, 2nd Kyu में काश्वी मेहता तथा 1st Kyu में दृष्टि प्रधान शामिल रहीं।

पूरे ग्रेडेशन टेस्ट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए काश्वी मेहता को ओवरऑल बेस्ट कराटेका का सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रशिक्षक राहुल पांडे, कमल नायक और रूपेश महतो की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जबकि मंच संचालन राहुल पांडे ने किया। इस अवसर पर पुष्पा पांडे, सुनील, अंश कुमार, अक्षित, सौर्य भारद्वाज, स्मृति भारद्वाज, सार्थक, रंजीत, संदीप सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, वरिष्ठ छात्र-छात्राएँ और कराटे प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन की सराहना की।