चुटुपालू घाटी में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर पुलिस सख्त, पुनदाग टोल प्लाजा पर भारी वाहनों के चालकों की जांच

Spread the News

रामगढ़, 5 जुलाई। चुटुपालू घाटी में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए रामगढ़ पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर भारी वाहनों के चालकों की सघन जांच की। पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ के निर्देश पर शनिवार को पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक एवं यातायात थाना रामगढ़ की टीम ने रांची-रामगढ़ सीमा स्थित पुनदाग टोल प्लाजा पर अभियान चलाया।

अभियान के दौरान भारी वाहनों के चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई, ताकि शराब पीकर वाहन चलाने वालों की पहचान की जा सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके। साथ ही वाहनों के दस्तावेजों एवं चालकों से आवश्यक पूछताछ भी की गई।

पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करते हुए निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, सीट बेल्ट का प्रयोग करने, ओवरलोडिंग से बचने तथा थकान की स्थिति में वाहन नहीं चलाने की सलाह दी।

रामगढ़ पुलिस ने कहा कि चुटुपालू घाटी दुर्घटना संभावित क्षेत्र है। ऐसे में सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आगे भी नियमित रूप से जांच एवं जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन कर स्वयं तथा अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करें।