झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

Spread the News

रांची, 30 जुलाई: झारखंड में आज से मौसम का मिजाज बदलने के संकेत हैं। बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना के कारण राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने दो और तीन जुलाई को लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। यह स्थिति चार जुलाई तक बनी रह सकती है। वहीं पांच और छह जुलाई को राजधानी रांची समेत कई जिलों में फिर से भारी वर्षा होने के आसार हैं।

लगातार बारिश के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि बीच-बीच में उमस भी बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से सतर्क रहने और वज्रपात के समय खुले स्थानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि पूरे जुलाई माह में राज्य में सामान्य या सामान्य से कम वर्षा हो सकती है। महीने के शुरुआती दस दिनों में मानसून सक्रिय रहने के कारण अच्छी बारिश की संभावना है, लेकिन इसके बाद वर्षा की गतिविधियों में कमी आ सकती है। इसकी प्रमुख वजह प्रशांत महासागर में विकसित हो रही अल नीनो की स्थिति को माना जा रहा है, जो मानसून की गति और तीव्रता को प्रभावित कर सकती है।

मानसून पूरे राज्य में पहुंचने के बावजूद सभी जिलों में समान रूप से वर्षा नहीं होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि धान समेत खरीफ फसलों की बेहतर बुआई और विकास के लिए लगातार एवं संतुलित वर्षा आवश्यक है। ऐसे में आने वाले दिनों का मौसम किसानों के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।