जोन्हा फॉल पहुंचे मुख्यमंत्री, प्राकृतिक सौंदर्य का लिया आनंद; बोले- झारखंड प्रकृति का अनुपम उपहार

Spread the News

रांची, 29 जून: रांची शहर से कुछ ही दूरी पर स्थित जोन्हा फॉल की हरी-भरी वादियों में रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कुछ समय बिताया। इस दौरान उन्होंने प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया, स्थानीय फलों का स्वाद चखा और आसपास के ग्रामीणों एवं पर्यटकों से आत्मीय बातचीत की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति की गोद में बहती निर्मल जलधारा, घने जंगलों की हरियाली और पहाड़ों का शांत सौंदर्य बार-बार यह एहसास कराता है कि झारखंड वास्तव में प्रकृति का अनुपम उपहार है। उन्होंने कहा कि राज्य की यह प्राकृतिक संपदा हम सभी की साझी धरोहर है, जिसे सहेजना और संरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि झारखंड के किसी भी कोने में जाने पर प्रकृति अपने अलग-अलग रंगों में लोगों का स्वागत करती है। राज्य के जलप्रपात, वन और पहाड़ न केवल पर्यटकों को आकर्षित करते हैं, बल्कि झारखंड की समृद्ध प्राकृतिक विरासत की पहचान भी हैं।

मुख्यमंत्री ने देश-विदेश के पर्यटकों से झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने की अपील करते हुए कहा कि राज्य की इस अनुपम धरती पर सभी सैलानियों का हार्दिक स्वागत है। उन्होंने सभी से प्राकृतिक स्थलों की स्वच्छता और संरक्षण में सहयोग करने का भी आह्वान किया।