बेंगलुरु, 29 जून। इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (INTUC) की 316वीं द्विदिवसीय वर्किंग कमेटी की बैठक रविवार को बेंगलुरु में शुरू हुई। 28 और 29 जून तक चलने वाली इस बैठक में देशभर से संगठन के पदाधिकारी, विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि तथा श्रमिक संगठनों के नेता शामिल हुए। बैठक में श्रमिकों के अधिकार, सामाजिक सुरक्षा, रोजगार, श्रम कानूनों और संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के उद्घाटन सत्र को INTUC के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जी. संजीवा रेड्डी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि INTUC ने देश के श्रमिक आंदोलन को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है और श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन की भूमिका आज भी महत्वपूर्ण बनी हुई है।
बैठक में संगठित और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की समस्याओं, महंगाई, रोजगार सुरक्षा, वेतन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा श्रम कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं और सुझाव भी रखे।
झारखंड से भी कई श्रमिक नेता और प्रतिनिधि बैठक में शामिल हुए। टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महासचिव आर.के. सिंह के अलावा विधायक अनुप सिंह, राकेश्वर पांडेय तथा रघुनाथ पांडेय ने भी बैठक में भाग लिया। प्रतिनिधियों ने बताया कि दो दिवसीय मंथन के दौरान संगठन के भविष्य के कार्यक्रम, सदस्यता अभियान और श्रमिक आंदोलनों की आगामी रणनीति तय की जाएगी।