रामगढ़ में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, 1.71 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी ‘दो बूंद जिंदगी की’

Spread the News

रामगढ़, 29 जून: राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस (एनआईडी) के तहत रविवार को रामगढ़ जिले में तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत सदर अस्पताल से हुई। अभियान का शुभारंभ उपायुक्त ऋतुराज ने अपने पुत्र एवं पुत्री को पोलियो की खुराक पिलाकर किया। इस दौरान रामगढ़ विधायक ममता देवी और सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार भी उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य विभाग ने इस अभियान के तहत जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 1,71,477 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए जिले के सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे।

उद्घाटन समारोह के बाद विधायक ममता देवी, उपायुक्त ऋतुराज और सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई। इस अवसर पर विधायक ममता देवी ने कहा कि भारत ने पोलियो पर विजय प्राप्त की है, लेकिन इस उपलब्धि को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने की अपील की।

उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिले के सभी पात्र बच्चों तक पोलियो की दवा पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि सुदूरवर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए।

सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार एवं जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह ने बताया कि अभियान के पहले दिन बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जा रही है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगी। उन्होंने अभियान में जुटी एएनएम, सहिया एवं स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह, जिला कुष्ठ पदाधिकारी डॉ. तुलिका रानी, जिला टीबी पदाधिकारी डॉ. स्वराज, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. हरेन चंद्र महतो सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।