रामगढ़, 28 जून: उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने शनिवार को रामगढ़ जिले का दौरा कर समाहरणालय में नवनिर्मित सहायता केंद्र का उद्घाटन किया तथा विभिन्न विभागों के राजस्व एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जन शिकायतों के त्वरित निष्पादन की सराहना करते हुए अवैध खनन, अतिक्रमण, अवैध शराब कारोबार तथा एक्सपायरी रजिस्ट्रेशन वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिले में आगमन पर परिसदन (सर्किट हाउस) में जिला प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उपायुक्त ऋतुराज ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद आयुक्त समाहरणालय पहुंचे, जहां उन्होंने आम नागरिकों के मार्गदर्शन एवं सुविधा के लिए स्थापित सहायता केंद्र का उद्घाटन किया।
आयुक्त ने समाहरणालय स्थित जन शिकायत कोषांग का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एक लाभुक से बातचीत कर शिकायत निस्तारण की जानकारी ली। लाभुक ने बताया कि उसकी समस्या का समाधान मात्र एक सप्ताह के भीतर कर दिया गया। इस पर आयुक्त ने उपायुक्त की पहल और जिला प्रशासन की कार्यशैली की सराहना करते हुए संतोष व्यक्त किया।
समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में आयुक्त ने राजस्व विभाग के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को पंजी-2 के भौतिक एवं डिजिटल संरक्षण, ऑनलाइन अभिलेखों के रखरखाव तथा राजस्व संग्रह में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध जमाबंदी निरस्तीकरण के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन, सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने तथा नए अतिक्रमण पर प्रभावी रोक सुनिश्चित करने को कहा।
खनन विभाग की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने अवैध उत्खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने टास्क फोर्स को अधिक सक्रिय करते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उत्पाद विभाग को अवैध शराब की बिक्री, तस्करी और मिलावट के विरुद्ध लगातार छापेमारी चलाने तथा राजस्व संग्रह बढ़ाने के निर्देश दिए।
आगामी मानसून को देखते हुए नगर परिषद को शहर की सभी छोटी-बड़ी नालियों की विशेष सफाई कराने, जलजमाव रोकने तथा स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ रखने का निर्देश दिया गया। परिवहन विभाग को नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, स्कूल बसों की फिटनेस की जांच करने और एक्सपायरी रजिस्ट्रेशन वाले वाहनों के परिचालन पर तत्काल रोक लगाने को कहा गया।
बैठक में मत्स्य विभाग की योजनाओं, अवर निबंधक कार्यालय के कार्यों, परिशोधन पोर्टल के अद्यतन और नीलाम पत्र वादों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने रामगढ़ की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर विशेष बल देते हुए जिला प्रशासन को धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कार्ययोजना तैयार करने का सुझाव दिया।
बैठक के अंत में उपायुक्त ऋतुराज ने आयुक्त द्वारा दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि जिला प्रशासन विकास कार्यों और राजस्व संग्रहण में और अधिक गति लाने के लिए प्रतिबद्ध है।