1 जुलाई से पासपोर्ट बनवाना होगा महंगा, केंद्र ने बढ़ाई आवेदन फीस

Spread the News

सामान्य पासपोर्ट के लिए ₹2,500, तत्काल सेवा ₹5,000; खोने या क्षतिग्रस्त होने पर कुछ श्रेणियों में शुल्क ₹8,500 तक

नई दिल्ली, 27 जून: विदेश यात्रा की तैयारी कर रहे लोगों के लिए 1 जुलाई 2026 से पासपोर्ट बनवाना महंगा हो जाएगा। केंद्र सरकार ने विदेश मंत्रालय (MEA) द्वारा अधिसूचित पासपोर्ट (संशोधन) नियम, 2026 के तहत विभिन्न पासपोर्ट सेवाओं की फीस में संशोधन किया है। नई शुल्क दरें 1 जुलाई 2026 से पूरे देश में लागू होंगी।

नई व्यवस्था के अनुसार, 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के आवेदकों के लिए 36 पृष्ठों वाले सामान्य (नॉर्मल) पासपोर्ट या उसके पुनः जारी (री-इश्यू) की फीस ₹1,500 से बढ़ाकर ₹2,500 कर दी गई है। वहीं, तत्काल (Tatkal) श्रेणी में यही पासपोर्ट अब ₹5,000 में बनेगा। 60 पृष्ठों वाले सामान्य पासपोर्ट की फीस ₹3,500 तथा तत्काल श्रेणी में ₹6,000 निर्धारित की गई है।

पासपोर्ट खो जाने, चोरी होने या क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में भी शुल्क में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। कुछ श्रेणियों में पुनः पासपोर्ट जारी कराने की फीस ₹8,500 तक पहुंच सकती है। इसके अलावा अन्य पासपोर्ट संबंधी सेवाओं की फीस में भी संशोधन किया गया है।

सरकार के अनुसार, पासपोर्ट प्रसंस्करण, सुरक्षा सुविधाओं और प्रशासनिक लागत में वृद्धि को देखते हुए लगभग 14 वर्षों बाद शुल्क में संशोधन किया गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि जिन लोगों को जल्द पासपोर्ट बनवाना या नवीनीकरण कराना है, उनके लिए 1 जुलाई से पहले आवेदन करना अधिक किफायती रहेगा।