झारखंड में हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, 20 जुलाई तक भर सकेंगे फॉर्म

Spread the News

रांची, 26 जून: झारखंड समेत देशभर के मुस्लिम समुदाय के लोगों के लिए हज-2027 की तैयारी शुरू हो गई है। केंद्र सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय द्वारा हज नीति-2027 जारी किए जाने के साथ ही हज यात्रा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। इच्छुक श्रद्धालु 20 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

हज समिति के अनुसार आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। अभ्यर्थी हज कमेटी ऑफ इंडिया के पोर्टल तथा ‘हज सुविधा’ मोबाइल ऐप के जरिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए पूरी व्यवस्था डिजिटल की गई है।

हज नीति-2027 के तहत यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है। पिछली यात्रा में शुरू की गई कई सुविधाएं, जैसे मक्का-मदीना के बीच हाई-स्पीड ट्रेन यात्रा, होटल जैसी आवास व्यवस्था, मीना में सोफा-कम-बेड तथा 20 दिवसीय शॉर्ट हज पैकेज को भी जारी रखा गया है।

केंद्र सरकार ने बताया है कि हज कोटा के वितरण में हज कमेटी ऑफ इंडिया और निजी टूर ऑपरेटरों के बीच 70:30 का अनुपात बरकरार रहने की संभावना है। साथ ही भारत के लिए हज कोटा बढ़ाने के प्रयास भी जारी रहेंगे।

झारखंड राज्य हज समिति ने राज्य के इच्छुक आवेदकों से समय रहते आवेदन करने और आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने की अपील की है।