रांची में पहली बार डूरंड कप का रोमांच, 26 जुलाई से लीग मुकाबलों की शुरुआत

Spread the News

रांची, 26 जून: झारखंड की राजधानी रांची पहली बार देश के प्रतिष्ठित और एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप 2026 की मेजबानी करने जा रही है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार टूर्नामेंट के लीग मुकाबले 26 जुलाई से शुरू होंगे। इस आयोजन के साथ झारखंड राष्ट्रीय फुटबॉल मानचित्र पर एक नई पहचान बनाने की ओर अग्रसर है।

टूर्नामेंट की तैयारियों को लेकर हाल ही में पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्टेडियम की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, खिलाड़ियों और अधिकारियों के आवास, परिवहन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा दर्शकों की सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

अधिकारियों के अनुसार डूरंड कप का उद्घाटन समारोह झारखंड की सांस्कृतिक विरासत, आदिवासी लोकनृत्यों और भारतीय सेना की परंपराओं का अनूठा संगम होगा। आयोजन के दौरान राज्य की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने की भी योजना है।

डूरंड कप की शुरुआत वर्ष 1888 में हुई थी और इसे एशिया का सबसे पुराना फुटबॉल टूर्नामेंट माना जाता है। वर्तमान में यह भारतीय फुटबॉल सत्र के प्रमुख टूर्नामेंटों में शामिल है, जिसमें इंडियन सुपर लीग (आईएसएल), आई-लीग और सेना की टीमें हिस्सा लेती हैं।

राज्य सरकार और आयोजन समिति को उम्मीद है कि रांची में डूरंड कप के सफल आयोजन से झारखंड में फुटबॉल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर के फुटबॉल मुकाबलों की मेजबानी का रास्ता भी खुलेगा।