“नशे को ना, जीवन को हाँ” : बच्चों की मैराथन ने दिया तंबाकू मुक्त समाज का संदेश

Spread the News

रामगढ़, 24 जून: तंबाकू एवं अन्य निषिद्ध मादक पदार्थों के सेवन के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मंगलवार को रामगढ़ में एक विशेष मैराथन रैली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार एवं जिला तंबाकू नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. तुलिका रानी के निर्देशन में तंबाकू नियंत्रण कोषांग तथा सीएम एक्सीलेंस गांधी मेमोरियल +2 स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

ब्लॉक चौक से पटेल चौक तक आयोजित मैराथन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। बच्चों ने “तंबाकू छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “नशा मुक्त युवा, देश का उज्ज्वल भविष्य” तथा “नशे को ना, जीवन को हाँ” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। रैली के दौरान स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने भी बच्चों के साथ दौड़ लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन छात्र एवं तीन छात्राओं को 25 जून को सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं। यदि वे तंबाकू और नशे से दूर रहेंगे तो समाज स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त बनेगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल जागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने का एक मजबूत संकल्प है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को जागरूक करने के साथ-साथ उनके माध्यम से अभिभावकों और समाज तक यह संदेश पहुंचाना है कि नशा न केवल स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और भविष्य को भी प्रभावित करता है।

कार्यक्रम का संचालन जिला परामर्शी, तंबाकू नियंत्रण कोषांग, बिनय शर्मा ने किया। वहीं रंजित कुमार (ऑफिस असिस्टेंट) एवं एमपीडब्ल्यू पिंटू कुमार ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग किया। इस अभियान के माध्यम से जिले में नशा मुक्ति और तंबाकू नियंत्रण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण प्रयास किया गया।