टीएमसी में बगावत तेज: 60 विधायकों ने ममता बनर्जी को अध्यक्ष पद से हटाया, अभिषेक बनर्जी निलंबित

Spread the News

कोलकाता, 23 जून: पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के बागी गुट ने पार्टी प्रमुख ममता बैनर्जी को अध्यक्ष पद से हटाने का दावा किया है। बागी गुट के नेता ऋतब्रत बनर्जी की अगुवाई में आयोजित बैठक में 60 विधायकों और कई पार्षदों के शामिल होने की बात कही गई है। बैठक में वरिष्ठ विधायक अरूप रॉय को “वास्तविक टीएमसी” का नया अध्यक्ष घोषित किया गया, जबकि अभिषेक बनर्जी को निलंबित करने का निर्णय लिया गया।

बागी गुट का आरोप है कि पार्टी संविधान के अनुसार राष्ट्रीय कार्यकारिणी का पुनर्गठन समय पर नहीं किया गया, जिसके कारण संगठनात्मक संकट पैदा हो गया। इसी आधार पर नई समिति के गठन और नेतृत्व परिवर्तन का फैसला लिया गया।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब विधानसभा चुनाव में हार के बाद टीएमसी के भीतर असंतोष लगातार बढ़ रहा है। इससे पहले भी ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट ने 60 विधायकों के समर्थन का दावा करते हुए विधानसभा में अलग पहचान बनाने की कोशिश की थी।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि टीएमसी अब स्पष्ट रूप से कई गुटों में बंटी नजर आ रही है। एक ओर ममता बनर्जी के नेतृत्व वाला मूल संगठन है, जबकि दूसरी ओर बागी विधायक अलग शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं। इस घटनाक्रम से पश्चिम बंगाल की राजनीति में नई हलचल पैदा हो गई है और आने वाले दिनों में पार्टी के नाम, चुनाव चिह्न और संगठनात्मक नियंत्रण को लेकर कानूनी एवं राजनीतिक लड़ाई तेज हो सकती है।

हालांकि ममता बनर्जी गुट ने बागियों के दावों को खारिज करते हुए पार्टी पर अपना नियंत्रण बरकरार होने का दावा किया है। राजनीतिक पर्यवेक्षकों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि यह अंदरूनी संघर्ष आगे किस दिशा में जाता है।