अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर रामगढ़ में भव्य आयोजन, उपायुक्त ऋतुराज ने दिया योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश

Spread the News

रामगढ़, 22 जून: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला आयुष समिति रामगढ़ एवं नमामि गंगे योजना के संयुक्त तत्वावधान में श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल, रामगढ़ में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त ऋतुराज ने की। इस अवसर पर जिले के वरीय अधिकारियों, विद्यार्थियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में आम लोगों ने भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान की प्रक्रियाओं का अभ्यास किया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. प्रभात शंकर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने की एक वैज्ञानिक पद्धति है। बदलती जीवनशैली और बढ़ते तनाव के दौर में योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।

उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि वे योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा व्यक्ति अनेक बीमारियों से बच सकता है। उन्होंने बताया कि योग मानसिक तनाव कम करने, एकाग्रता बढ़ाने और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने में भी सहायक है। विद्यार्थियों के लिए योग विशेष रूप से लाभदायक है क्योंकि इससे स्मरण शक्ति, एकाग्रता और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है।

कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवन, स्वच्छ पर्यावरण और जनकल्याण के संदेश के साथ हुआ। जिला प्रशासन एवं जिला आयुष समिति ने सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।