रामगढ़, 19 जून: आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-2026) के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत भी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण परीक्षा के आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने तथा परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने का निर्देश दिया।
बैठक में केंद्रीय विद्यालय रामगढ़, केंद्रीय विद्यालय बरकाकाना एवं आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़ को बनाए गए परीक्षा केंद्रों की तैयारियों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, बैठने की व्यवस्था, सीटिंग प्लान, प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा मानकों की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही परीक्षार्थियों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने परीक्षा में प्रतिनियुक्त वीक्षकों (इनविजिलेटर्स) को पूरी तरह प्रशिक्षित करने पर जोर देते हुए परीक्षा प्रोटोकॉल और दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा। परीक्षा संचालन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने पुलिस प्रशासन को परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने तथा परीक्षा अवधि के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में परीक्षा के सुचारू संचालन को लेकर विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।