मेदिनीनगर, 18 जून: पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर थाना पुलिस ने खाद्य सामग्री में मिलावट और नकली उत्पादों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बैरिया बाजार स्थित एक थोक दुकान में छापेमारी कर करीब 2.66 लाख रुपये मूल्य का 1776 लीटर डुप्लीकेट धारा रिफाइन तेल बरामद किया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बैरिया बाजार में एक दुकान से नकली ब्रांड के खाद्य तेल की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर शहर थाना पुलिस ने छापेमारी की, जहां से 138 पेटियों में पैक आधा लीटर और एक लीटर के पाउच में भरा डुप्लीकेट धारा रिफाइन तेल जब्त किया गया।
प्रारंभिक जांच में मामला डालटनगंज ट्रेडर्स से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि नकली तेल कहां से लाया गया था, इसके निर्माण और आपूर्ति में कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसका नेटवर्क कितना बड़ा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब्त तेल के नमूनों की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद शहर में नकली खाद्य पदार्थों के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि खाद्य तेल या अन्य उपभोक्ता वस्तुएं खरीदते समय उत्पाद की गुणवत्ता, पैकेजिंग और प्रामाणिकता की जांच अवश्य करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।