IIT दिल्ली और 18 एनआईटी के बीच ऐतिहासिक समझौता, छात्रों को मिलेंगे रिसर्च व उच्च शिक्षा के नए अवसर

Spread the News

नई दिल्ली, 14 जून: देश की तकनीकी शिक्षा को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आईआईटी दिल्ली ने देश के 18 राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस पहल का उद्देश्य अकादमिक उत्कृष्टता, अनुसंधान सहयोग, छात्र एवं शिक्षक आदान-प्रदान तथा नवाचार को बढ़ावा देना है। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप शुरू की गई है।

आईआईटी दिल्ली द्वारा शुरू किए गए इस राष्ट्रीय नेटवर्क के तहत छात्रों को संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं, अकादमिक एक्सचेंज कार्यक्रमों और उच्च शिक्षा के बेहतर अवसरों का लाभ मिलेगा। समझौते के अंतर्गत अंतिम वर्ष के मेधावी एनआईटी छात्रों को विशेष पात्रता के आधार पर आईआईटी दिल्ली के एमटेक, एमएस (रिसर्च) और पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश का अवसर भी मिलेगा। कई मामलों में उन्हें GATE जैसी राष्ट्रीय परीक्षा से छूट देने की व्यवस्था की गई है।

इस सहयोगी नेटवर्क में शामिल संस्थानों में NIT Tiruchirappalli, NIT Warangal, NIT Surathkal, NIT Calicut, NIT Rourkela, NIT Jamshedpur समेत कुल 18 एनआईटी शामिल हैं।

आईआईटी दिल्ली के अनुसार यह पहल देशभर के प्रमुख तकनीकी संस्थानों के बीच संसाधनों के साझा उपयोग, क्रेडिट ट्रांसफर, छात्र गतिशीलता और प्रतिभा विकास को बढ़ावा देगी। इससे अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार होगा और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह समझौता भारत में तकनीकी शिक्षा और अनुसंधान को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा तथा छात्रों को विश्वस्तरीय अवसरों तक पहुंच बनाने में मदद करेगा।