रामगढ़, 13 जून: जिले में आगामी 28 जून से 30 जून 2026 तक पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान की सफलता और शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति को लेकर शुक्रवार को सिविल सर्जन कार्यालय सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला की अध्यक्षता सिविल सर्जन-सह-जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने की। उन्होंने अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि अभियान से संबंधित सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं, ताकि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
कार्यशाला में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के एसएमओ डॉ. सुधानन्द ने विभिन्न प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों, जिला एवं प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधन इकाई के अधिकारियों, एसटीटी, बीटीटी तथा सामुदायिक स्वास्थ्य समन्वयकों को पोलियो उन्मूलन और टीकाकरण रणनीति से संबंधित प्रशिक्षण दिया। उन्होंने अभियान के दौरान शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक उपायों की जानकारी भी दी।
बैठक में सभी प्रखंडों को सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार करने, पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन और अन्य आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा बूथों की संख्या और आवश्यकता के अनुसार बैनर, पोस्टर, फ्लेक्स एवं अन्य प्रचार सामग्री उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
कार्यशाला में कहा गया कि अभियान की सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहिया एवं अन्य संबंधित कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। अंत में सभी प्रतिभागियों से अभियान को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया गया।