रांची में तेज आंधी-बारिश की चेतावनी, 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Spread the News

रांची, 11 जून: राजधानी रांची समेत झारखंड के कई जिलों में मौसम विभाग ने 11 जून से 13 जून तक तेज आंधी, बारिश, वज्रपात और गरज-चमक को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में मानसून की प्रगति के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं, जिसके कारण अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, धनबाद और खूंटी समेत कई जिलों में 12 जून को 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।

विभाग के अनुसार 12 और 13 जून को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। विशेष रूप से धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में भारी वर्षा का अनुमान जताया गया है।

मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। किसानों और आम नागरिकों से भी सतर्कता बरतने तथा मौसम विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।