रांची, 11 जून: झारखंड राज्य सूचना आयोग को लंबे इंतजार के बाद नई मजबूती मिलने जा रही है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राज्य सरकार द्वारा भेजे गए चार नामों को सूचना आयुक्त नियुक्त करने के प्रस्ताव पर अपनी सहमति दे दी है। स्वीकृत नामों में वरिष्ठ पत्रकार अनुज सिन्हा, तनुज खत्री, अमूल्य नीरज खलखो तथा शिव पूजन पाठक शामिल हैं। अब जल्द ही इनकी नियुक्ति की आधिकारिक अधिसूचना जारी होने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, सूचना आयोग में वर्षों से रिक्त पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया लंबे समय से चल रही थी। राज्यपाल ने नियुक्तियों को सशर्त स्वीकृति देते हुए स्पष्ट किया है कि यदि प्रक्रिया में किसी प्रकार की कानूनी या प्रशासनिक त्रुटि सामने आती है तो इसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
गौरतलब है कि सूचना आयोग के अधिकांश पद लंबे समय से खाली रहने के कारण सूचना का अधिकार (आरटीआई) से जुड़े मामलों के निपटारे में भारी देरी हो रही थी। इस मुद्दे पर झारखंड हाईकोर्ट ने भी राज्य सरकार से कई बार जवाब तलब किया था और आयोग को शीघ्र कार्यशील बनाने पर जोर दिया था।
नई नियुक्तियों के बाद राज्य सूचना आयोग के सुचारु संचालन का मार्ग प्रशस्त हो गया है। माना जा रहा है कि इससे लंबित आरटीआई अपीलों और शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी तथा शासन-प्रशासन में पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा।