रामगढ़, 07 जून: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रामगढ़ जिला प्रशासन की ओर से जिलेभर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर आयोजित इस अभियान के तहत पहले ही दिन लगभग 8 हजार पौधों का रोपण किया गया। साथ ही जिले में एक लाख वृक्ष लगाने के महत्वाकांक्षी अभियान का भी शुभारंभ किया गया।
उपायुक्त ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने सभी विभागों, कार्यालयों एवं संबंधित अधिकारियों को योजनाबद्ध तरीके से अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वृक्षारोपण के साथ पौधों का संरक्षण और नियमित देखभाल भी अत्यंत आवश्यक है।
उपायुक्त ने जिलेवासियों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों तथा निजी संस्थानों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण मिल सके।
अभियान के तहत विभिन्न विभागों ने उल्लेखनीय योगदान दिया। ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 501 तथा नमामि गंगे योजना के तहत 60 पौधे लगाए गए। खनन विभाग के समन्वय से विभिन्न कोल क्षेत्रों में लगभग 5 हजार पौधों का रोपण किया गया। जिला प्रशासन के विभिन्न कार्यालय परिसरों में 100, स्वास्थ्य विभाग द्वारा 100, समाज कल्याण विभाग द्वारा लगभग 930, जेएसएलपीएस द्वारा 543 तथा पंचायती राज विभाग द्वारा विभिन्न पंचायत क्षेत्रों में 686 पौधे लगाए गए।
इसके अलावा जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों, निजी प्रतिष्ठानों और आम नागरिकों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
जिला प्रशासन ने बताया कि आगामी दिनों में सरकारी परिसरों, विद्यालयों, पंचायत क्षेत्रों, सड़क किनारे तथा जलाशयों के आसपास बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। साथ ही लगाए गए पौधों की निगरानी और संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
उपायुक्त ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल सुनिश्चित करे तो रामगढ़ को हरित एवं पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध जिला बनाने का लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनसहभागिता के बल पर एक लाख वृक्षारोपण का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा किया जाएगा।