रांची में सीबीएसई ने बनाए चार विशेष केंद्र, 12वीं के अंकों की होगी दोबारा जांच

Spread the News

रांची, 06 जून: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के अंकों के सत्यापन और री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए रांची के चार प्रमुख विद्यालयों को विशेष मूल्यांकन केंद्र बनाया है। इन केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच और ऑनलाइन क्रॉस-चेकिंग की व्यवस्था की गई है।

सीबीएसई द्वारा निर्धारित विशेष केंद्रों में Delhi Public School Ranchi, Kerali School Ranchi, DAV Public School Hehal तथा Sarla Birla Public School शामिल हैं। इन विद्यालयों में प्रशिक्षित शिक्षकों की टीम उत्तर पुस्तिकाओं की पुनः जांच करेगी।

सीबीएसई ने इस वर्ष अंकों के सत्यापन और री-इवैल्यूएशन की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है। छात्र पहले अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी देख सकते हैं और इसके बाद संबंधित प्रश्नों के पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं। बोर्ड का कहना है कि इससे मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और छात्रों की शिकायतों का त्वरित समाधान संभव होगा।

गौरतलब है कि 2026 की बोर्ड परीक्षा के परिणाम जारी होने के बाद देशभर से बड़ी संख्या में छात्रों ने उत्तर पुस्तिकाओं की प्रतियां और अंकों के सत्यापन के लिए आवेदन किया है। इसी को देखते हुए सीबीएसई ने विभिन्न क्षेत्रों में विशेष केंद्रों की व्यवस्था की है।

सीबीएसई अधिकारियों के अनुसार, ऑनलाइन सत्यापन और क्रॉस-चेकिंग प्रणाली के माध्यम से अंकों की गणना, मूल्यांकन तथा अंक प्रविष्टि से संबंधित संभावित त्रुटियों की जांच की जाएगी। इससे विद्यार्थियों को निष्पक्ष और भरोसेमंद परिणाम सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।