रामगढ़, 01 जून: विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर रामगढ़ जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा तंबाकू निषेध एवं नियंत्रण को लेकर विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। इस दौरान उपायुक्त ऋतुराज ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद घातक है और इससे कैंसर, हृदय रोग तथा अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने जिलेवासियों से तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि जागरूकता रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान, इससे बचाव के उपाय और सरकार द्वारा संचालित तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रमों की जानकारी देगा। अभियान के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन प्रभारी डॉ. स्वराज, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की नोडल पदाधिकारी डॉ. तूलिका रानी, एनडीसी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के तहत साहियाओं द्वारा जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को तंबाकू सेवन छोड़ने, स्वस्थ जीवन अपनाने तथा तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का संदेश दिया गया। स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से इस जनजागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।