रामगढ़ में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, बिना हेलमेट चालकों पर चलेगा अभियान, ‘हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं’ रहेगा जारी

Spread the News

रामगढ़, 30 मई: ऋतुराज की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने तथा अवैध परिवहन पर रोक लगाने को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में मुकेश कुमार लुनायत भी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाकर चालान किया जाए। साथ ही जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर “हेलमेट नहीं, तो पेट्रोल नहीं” अभियान को लगातार जारी रखने पर जोर दिया गया, ताकि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ सके।

समीक्षा के क्रम में चुट्टूपालू घाटी में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर विशेष चर्चा की गई। उपायुक्त ने घाटी क्षेत्र में लगाई गई स्ट्रीट लाइटों की कार्यस्थिति की जानकारी ली तथा वहां अतिरिक्त साइन बोर्ड लगाने, वाहनों की गति नियंत्रित करने और सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने के निर्देश दिए। बैठक में ओवर स्पीडिंग रोकने, हाई मास्ट लाइट लगाने, सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने, ब्लैक स्पॉट चिह्नित करने और नियमित वाहन जांच अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का को जिले के विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाने तथा अवैध परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद करने वाले “गुड समैरिटन” (मददगारों) को सम्मानित करने की योजना पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने कहा कि दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाना बेहद जरूरी है और ऐसे मददगारों को प्रशासन सम्मानित करेगा, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए। इसके अलावा “हिट एंड रन” दुर्घटना मुआवजा योजना की समीक्षा करते हुए लाभुकों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में मोटर यान निरीक्षक मोनू मृणाल, बिपुल ओरांव, यातायात प्रभारी गंजेन्द्र पांडेय, आईटी असिस्टेंट सड़क सुरक्षा विकास कुमार सहित कई अधिकारी एवं समिति सदस्य मौजूद रहे।