दुमका/बासुकीनाथ, 25 मई: विश्व प्रसिद्ध बासुकीनाथ श्रावणी मेला 2026 की तैयारियां प्रशासनिक स्तर पर तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और मेला संचालन को सुचारू बनाने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में मेला क्षेत्र में अस्थायी रूप से करीब 100 कर्मियों की बहाली की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इन कर्मियों की नियुक्ति साफ-सफाई, पेयजल, यातायात नियंत्रण, सूचना केंद्र, स्वास्थ्य सेवा और अन्य व्यवस्थाओं के लिए की जाएगी।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, श्रावणी मेले में इस वर्ष भी लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसे देखते हुए बासुकीनाथ नगर पंचायत और जिला प्रशासन द्वारा मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। खराब पड़े चापानलों और स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, साफ-सफाई, शौचालय, स्नानगृह और कूड़ा उठाव की व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
मेला की तैयारियों को लेकर हुई समीक्षा बैठकों में सुरक्षा व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी गई है। प्रशासन द्वारा मेला क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल, ट्रैफिक ओपी, स्वास्थ्य केंद्र, सूचना सह सहायता केंद्र और वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने की योजना बनाई गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए आधुनिक तकनीक एवं फेस रिकग्निशन सिस्टम के उपयोग पर भी विचार किया जा रहा है।
राज्य सरकार ने संबंधित विभागों को समय पर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को मेला शुरू होने से पहले सभी आवश्यक कार्यों को अंतिम रूप देने को कहा गया है, ताकि देशभर से आने वाले कांवरियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।