रामगढ़, 21 मई: भारत की जनगणना 2027 के तहत पतरातू प्रखंड में संचालित हाउस लिस्टिंग एवं लेआउट मैपिंग कार्यों का बुधवार को उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर जनगणना कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने हाउस लिस्टिंग के तहत एकत्रित किए जा रहे आंकड़ों, भवनों के चिन्हांकन, मकानों की संख्या अंकन प्रक्रिया एवं लेआउट मैपिंग कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने मैदानी स्तर पर कार्यरत प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से बातचीत कर कार्य निष्पादन में आ रही समस्याओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि जनगणना देश की एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं विकासात्मक प्रक्रिया है, जिसके आधार पर भविष्य की योजनाएं एवं नीतियां तैयार की जाती हैं। उन्होंने कहा कि हाउस लिस्टिंग एवं लेआउट मैपिंग कार्य पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और शत-प्रतिशत शुद्धता के साथ संपन्न किया जाना चाहिए, ताकि सही आंकड़ों के आधार पर विकास योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंच सके।