जिंदल फाउंडेशन के तीरंदाजी केंद्र व दिव्यांग विद्यालय का डीसी ने किया निरीक्षण

Spread the News

रामगढ़, 21 मई: उपायुक्त ऋतुराज ने बुधवार को पतरातू प्रखंड स्थित जिंदल फाउंडेशन द्वारा संचालित तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र एवं दिव्यांग विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, प्रशिक्षण व्यवस्था तथा बच्चों को दी जा रही शैक्षणिक एवं अन्य सेवाओं का जायजा लिया।

तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र में उपायुक्त ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बालिकाओं से संवाद कर उनके अभ्यास, प्रतियोगिताओं में भागीदारी और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ अभ्यास करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर वे जिले और राज्य का नाम रोशन कर सकती हैं। उपायुक्त ने प्रशिक्षण केंद्र की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त दिव्यांग विद्यालय भी पहुंचे, जहां उन्होंने बच्चों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी पढ़ाई, प्रशिक्षण एवं दैनिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विशेष शिक्षण व्यवस्था, सहायक उपकरणों एवं प्रशिक्षण गतिविधियों का अवलोकन करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

उपायुक्त ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने में ऐसे संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि दिव्यांग बच्चों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।

मौके पर उप विकास आयुक्त, गोपनीय शाखा के प्रभारी पदाधिकारी, जिंदल फाउंडेशन के प्रतिनिधि, प्रशिक्षक, शिक्षक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।