पटना, 21 मई: बिहार में बीएड में नामांकन की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य के सरकारी और निजी बीएड कॉलेजों में सत्र 2026-28 के लिए इस बार कुल 37,250 सीटों पर दाखिला लिया जाएगा। इसके लिए आयोजित होने वाली बिहार बीएड कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (CET-B.Ed) 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं।
राज्य नोडल विश्वविद्यालय बीआरए बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर के अनुसार बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब 1 जून 2026 से एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना यूजर आईडी और पासवर्ड दर्ज कर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। संयुक्त प्रवेश परीक्षा 7 जून 2026 को आयोजित होगी।
परीक्षा राज्य के 11 शहरों में होगी, जहां सुरक्षा और पारदर्शिता के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। परीक्षा में 120 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे और किसी प्रकार की निगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
रिजल्ट जारी होने के बाद मेरिट के आधार पर ऑनलाइन काउंसलिंग कर कॉलेज आवंटन किया जाएगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड के साथ वैध फोटो पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य होगा।