सीएम हेमंत सोरेन से मिले दिग्गज उद्योगपति, झारखंड में निवेश और इंडस्ट्रियल ग्रोथ पर हुई अहम चर्चा

Spread the News

रांची, 19 मई: Hemant Soren से मंगलवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में देश के दिग्गज उद्योगपतियों एवं उद्योग संगठन के प्रतिनिधियों ने मुलाकात की। बैठक में झारखंड में निवेश बढ़ाने, औद्योगिक विकास को गति देने तथा राज्य को एक उभरते हुए निवेश केंद्र के रूप में विकसित करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) झारखंड स्टेट काउंसिल के अध्यक्ष दिलू पारिख, टाटा स्टील कॉरपोरेट सर्विस के उपाध्यक्ष डीबी सुंदर रमन, CII ईस्टर्न रीजन के रीजनल डायरेक्टर देव ज्योति तथा CII झारखंड हेड प्रभात कुमार शामिल थे। बैठक के दौरान राज्य की औद्योगिक नीति, निवेश की संभावनाओं और इंडस्ट्रियल ग्रोथ को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है और यहां उद्योगों के लिए बेहतर संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने तथा उद्योगों को हरसंभव सहयोग देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच में झारखंड की भागीदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य ने वैश्विक स्तर पर निवेशकों के बीच अपनी मजबूत पहचान बनाई है।

बैठक के दौरान CII प्रतिनिधियों ने झारखंड सरकार की निवेशक हितैषी नीतियों की सराहना की। उद्योग प्रतिनिधियों ने राज्य को उभरता हुआ इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन बताते हुए सरकार के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की इच्छा जताई। साथ ही नीति निर्माण और औद्योगिक विकास प्रक्रिया में इंडस्ट्री पार्टनर के रूप में सहयोग देने की बात कही।

गौरतलब है कि हाल के महीनों में झारखंड सरकार ने निवेश आकर्षित करने के लिए कई वैश्विक मंचों पर राज्य की संभावनाओं को प्रस्तुत किया है। राज्य सरकार के अनुसार विभिन्न निवेश प्रस्तावों के माध्यम से रोजगार सृजन और औद्योगिक विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है।