रामगढ़, 19 मई: राधा गोविंद विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग द्वारा बीएड, एमएड एवं डीएलएड सत्र 2024-26 के छात्र-छात्राओं के लिए सोमवार को विश्वविद्यालय ऑडिटोरियम में फेयरवेल सह विदाई मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सत्र 2025-27 के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समारोह को यादगार बना दिया।
विदाई समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं विदाई ले रहे छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय में बिताए अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान कई विद्यार्थी भावुक भी नजर आए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी एन साह ने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियाँ ही विश्वविद्यालय का वास्तविक गौरव हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा विभाग को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी, कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार तथा प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों को सफलता, समृद्धि एवं सुनहरे भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन बीएड प्रशिक्षुओं शिखा खालको, विनीश, भरत एवं आंचल ने किया। मौके पर शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष, व्याख्यातागण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।