रामगढ़, 19 मई: जनगणना 2027 के तहत जिले में संचालित कार्यों की समीक्षा को लेकर सोमवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सभी चार्ज पदाधिकारी, सहायक चार्ज पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जनगणना 2027 के तहत अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि जिले में वर्तमान समय में लेआउट मैपिंग एवं हाउस लिस्टिंग का कार्य संचालित किया जा रहा है। उपायुक्त ने प्रखंडवार प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित क्षेत्रों में जाकर कार्य करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि जनगणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील है, इसलिए सभी कार्य पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं शुद्धता के साथ किए जाएं। उन्होंने सभी चार्ज पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में हो रहे लेआउट मैपिंग एवं हाउस लिस्टिंग कार्यों में से कम से कम 10 प्रतिशत कार्यों का स्वयं स्थल निरीक्षण कर सत्यापन करें, ताकि कार्य की गुणवत्ता एवं सटीकता सुनिश्चित हो सके।
बैठक में उपायुक्त ने जिला स्तर से प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारियों को भी नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर जनगणना कार्यों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें। साथ ही कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया।