अगले 2 से 4 महीनों में हजारों बहालियां होंगी : हेमंत सोरेन

Spread the News

319 सहायक आचार्यों और 17 महिला पर्यवेक्षिकाओं को मिला नियुक्ति पत्र

रांची, 19 मई: झारखंड के मुख्यमंत्री Hemant Soren ने सोमवार को प्रोजेक्ट भवन स्थित मंत्रालय में आयोजित समारोह में 319 प्रशिक्षित सहायक आचार्यों और 17 महिला पर्यवेक्षिकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है तथा अगले 2 से 4 महीनों में विभिन्न विभागों में हजारों बहालियां की जाएंगी।

समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत और शिक्षित समाज ही राज्य को सशक्त बनाता है। उन्होंने नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थियों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक केवल नौकरी नहीं करते, बल्कि राज्य के भविष्य का निर्माण करते हैं।

इस अवसर पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर और श्रम मंत्री संजय यादव भी मौजूद रहे। वित्त मंत्री ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं और सरकार लगातार नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है।

नियुक्ति पत्र मिलने के बाद चयनित अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल देखा गया। सरकार की इस पहल को शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।