न्यायमूर्ति दीपक रौशन ने किया रामगढ़ व्यवहार न्यायालय का भ्रमण, VWDC भवन व मुख्य द्वार निर्माण का शिलान्यास

Spread the News

रामगढ़, 17 मई: दीपक रौशन, न्यायाधीश, झारखंड उच्च न्यायालय सह प्रशासनिक न्यायाधीश, रामगढ़ न्यायमंडल ने शनिवार को व्यवहार न्यायालय, रामगढ़ का आधिकारिक भ्रमण किया। सुबह करीब 9 बजे उनके आगमन पर व्यवहार न्यायालय एवं जिला प्रशासन की ओर से पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया तथा गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया।

भ्रमण के दौरान न्यायमूर्ति ने व्यवहार न्यायालय परिसर में बनने वाले वल्नरेबल विटनेस डिपोजिशन सेंटर (VWDC) भवन एवं मुख्य प्रवेश द्वार निर्माण कार्य हेतु भूमि-पूजन एवं शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने न्यायालय परिसर में नवनिर्मित पेंट्री का उद्घाटन भी किया।

इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मो० तौफिकुल हसन, प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय राजीव आनंद, उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम विशाल श्रीवास्तव सहित न्यायिक पदाधिकारी, जिला प्रशासन, अभियोजन विभाग एवं अधिवक्ता संघ के सदस्य उपस्थित रहे।

बाद में न्यायमूर्ति दीपक रौशन ने न्यायिक पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर विधि-व्यवस्था एवं न्यायालय के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने व्यवहार न्यायालय भवन में चल रहे मरम्मति कार्यों का निरीक्षण करते हुए भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

कार्यक्रम के दौरान न्यायालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। इसके पश्चात न्यायमूर्ति ने विवा इंटरनेशनल स्कूल, भरेचनगर सांडी का भ्रमण कर लीगल लिटरेसी क्लब का उद्घाटन किया तथा विद्यार्थियों को कानून संबंधी जागरूकता का संदेश दिया।