रांची, 16 मई: राजधानी रांची समेत राज्य के कई इलाकों में पेट्रोल-डीजल की किल्लत गहराने लगी है। पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखी जा रही हैं। ईंधन लेने के लिए लोगों में होड़ मची हुई है, जिसके कारण कई स्थानों पर बकझक और तनाव की स्थिति भी उत्पन्न हो रही है। कई पेट्रोल पंपों पर डीजल और पेट्रोल खत्म होने की सूचना के बाद लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
स्थिति को गंभीर देखते हुए झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पेट्रोल पंपों पर दंडाधिकारी एवं सुरक्षा बलों की तैनाती की मांग की है। उन्होंने कहा है कि लगातार बढ़ती भीड़ और अव्यवस्था के कारण कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
डॉ. अंसारी ने अपने पत्र में कहा कि कई जगहों पर आम लोगों और वाहन चालकों के बीच विवाद की स्थिति बन रही है। यदि समय रहते प्रशासनिक व्यवस्था नहीं की गई तो हालात और बिगड़ सकते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन को भी सतर्क रहने और आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी है।
राजधानी के कई पंपों पर सीमित मात्रा में ईंधन दिए जाने की सूचना है। वहीं, लोग जल्द आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद कर रहे हैं।