झारखंड के दो मेडिकल कॉलेजों को बड़ी सौगात, MBBS व PG सीटें बढ़ाने को केंद्र की मंजूरी

Spread the News

रांची, 16 मई: झारखंड के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र को केंद्र सरकार से बड़ी सौगात मिली है। केंद्र ने राज्य के दो प्रमुख मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस एवं पोस्ट ग्रेजुएट सीटों में वृद्धि की मंजूरी दे दी है। इससे राज्य में मेडिकल शिक्षा को मजबूती मिलने के साथ-साथ डॉक्टरों की कमी दूर करने में भी मदद मिलेगी।

मिली जानकारी के अनुसार, शहीद निर्मल महतो मेडिकल College एवं अस्पताल में एमबीबीएस सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 250 कर दी गई है। यानी कॉलेज में 150 नई सीटों की वृद्धि की गई है। सीटों में बढ़ोतरी से राज्य के अधिक विद्यार्थियों को मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

वहीं, एमजीएम मेडिकल कॉलेज में भी एमबीबीएस सीटों के विस्तार को केंद्र सरकार ने स्वीकृति प्रदान की है। इस विस्तार योजना के लिए केंद्र सरकार ने कुल 225 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है, जिसमें 135 करोड़ रुपये केंद्र सरकार की हिस्सेदारी होगी।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सीटों में वृद्धि से झारखंड में चिकित्सा शिक्षा का स्तर बेहतर होगा तथा भविष्य में राज्य को अधिक प्रशिक्षित डॉक्टर मिल सकेंगे। साथ ही मेडिकल कॉलेजों में आधारभूत संरचना और स्वास्थ्य सेवाओं का भी विस्तार किया जाएगा।