हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता : डीडीसी रामगढ़

Spread the News

रामगढ़, 16 मई,: उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल की अध्यक्षता में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा करते हुए लंबित योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि “हर घर नल से जल” योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने और नए कनेक्शन देने के कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि प्रत्येक घर तक गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाया जा सके।

स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण, उनके उपयोग तथा ओडीएफ प्लस के मानकों की भी समीक्षा की गई। डीडीसी ने स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित जल मीनारों की स्थिति की समीक्षा करते हुए तकनीकी खराबी के कारण बंद जल मीनारों को शीघ्र चालू कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया। वहीं पेयजल आपूर्ति से संबंधित जन-शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. प्रभात शंकर, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती इंदु प्रभा खलखो सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।