दो दिनों तक बंद रहेगा झारभूमि पोर्टल, 9 मई को दोपहर 12 बजे से फिर शुरू होंगी सेवाएं

Spread the News

रांची, 08 मई: राज्य में जमीन संबंधी ऑनलाइन सेवाओं के लिए उपयोग होने वाला झारभूमि पोर्टल अगले दो दिनों तक बंद रहेगा। तकनीकी अपग्रेडेशन और सर्वर मेंटेनेंस कार्य के कारण पोर्टल की सेवाएं अस्थायी रूप से बाधित रहेंगी। इसके चलते जमीन की रजिस्ट्री, दाखिल-खारिज, लगान भुगतान समेत कई ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित होंगी।

सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, झारभूमि पोर्टल की सेवाएं 9 मई को दोपहर 12 बजे से पुनः शुरू कर दी जाएंगी। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पोर्टल को अधिक सुरक्षित, तेज और बेहतर बनाने के उद्देश्य से तकनीकी सुधार कार्य किया जा रहा है।

पोर्टल बंद रहने की अवधि में निबंधन कार्यालयों में रजिस्ट्री का कार्य भी प्रभावित रहेगा। इससे जमीन खरीद-बिक्री से जुड़े लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। जिन लोगों ने पहले से रजिस्ट्री के लिए स्लॉट बुक कर रखा है, उन्हें भी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

राजस्व एवं निबंधन विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे जरूरी कार्यों की योजना पोर्टल सेवा बहाल होने के अनुसार बनाएं। विभाग ने यह भी आश्वासन दिया है कि सेवाएं शुरू होने के बाद लंबित आवेदनों और रजिस्ट्री कार्यों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।