जनगणना-2027: रामगढ़ में उपायुक्त ने किया सेल्फ एन्यूमरेशन, आमजनों से भागीदारी की अपील

Spread the News

रामगढ़, 07 मई: भारत की जनगणना-2027 को सफल बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन रामगढ़ द्वारा जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में उपायुक्त ऋतुराज ने स्वयं सेल्फ एन्यूमरेशन की प्रक्रिया पूरी कर लोगों को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उनके साथ अपर समाहर्ता कुमारी गीतांजलि सहित अन्य अधिकारियों ने भी ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज की।

उपायुक्त ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके माध्यम से देश की सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति का सटीक आंकलन किया जाता है। उन्होंने बताया कि सेल्फ एन्यूमरेशन की सुविधा से नागरिक स्वयं अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं, जिससे प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनती है।

उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर सेल्फ एन्यूमरेशन करें और इस राष्ट्रीय कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस सुविधा के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ-साथ लोगों को आवश्यक तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराई जाए।

जिला प्रशासन ने भी नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा है कि जनगणना में सभी की सहभागिता से ही सटीक आंकड़े प्राप्त होंगे, जिससे विकास योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन संभव हो सकेगा।