रामगढ़ में नीट 2026 परीक्षा शांतिपूर्ण व कदाचार मुक्त संपन्न

Spread the News

रामगढ़, 04 मई: जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 2026 शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा की गई सुदृढ़ व्यवस्थाओं के बीच परीक्षार्थियों ने शांत माहौल में परीक्षा दी।

परीक्षा के दौरान उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने स्वयं विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी एवं अभ्यर्थियों की सुविधाओं का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा हर स्तर पर सतर्कता बरती गई, जिससे परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनी रही।

परीक्षा संपन्न होने के बाद उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना था, जिसे अधिकारियों और कर्मियों के बेहतर समन्वय से सफलतापूर्वक हासिल किया गया। उन्होंने परीक्षा कार्य में लगे सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

परीक्षा केंद्रों के बाहर भी विधि-व्यवस्था सामान्य रही। बेहतर यातायात प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों के कारण परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। पूरे आयोजन के दौरान जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी भी सक्रिय रूप से मौजूद रहे।