दिल्ली पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन, सरना धर्म कोड के लिए राष्ट्रपति से करेंगे मुलाकात

Spread the News

रांची/नई दिल्ली, 04 मई: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सरना आदिवासी धर्म कोड की मांग को लेकर दिल्ली पहुंचे हैं। इस दौरान वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर जनगणना में सरना धर्म के लिए अलग कोड की मांग रखेंगे। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री और राज्यपाल को भी इस संबंध में पत्र लिखकर आदिवासी समुदाय की धार्मिक पहचान को मान्यता देने की अपील की है।

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा है कि सरना धर्म प्रकृति आधारित आस्था प्रणाली है, जिसे झारखंड समेत कई राज्यों के आदिवासी समुदाय मानते हैं, लेकिन अब तक जनगणना में इसे अलग पहचान नहीं मिल पाई है।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि झारखंड विधानसभा पहले ही सरना धर्म कोड के पक्ष में प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेज चुकी है, लेकिन इस पर अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

सीएम सोरेन का कहना है कि जनगणना 2027 के मद्देनजर यह मुद्दा अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि अलग कोड मिलने से आदिवासी समाज की वास्तविक जनसंख्या, संस्कृति और धार्मिक पहचान का सही आंकलन संभव हो सकेगा।

इस पहल को आदिवासी संगठनों की लंबे समय से चली आ रही मांग के रूप में देखा जा रहा है, जिसे लेकर अब केंद्र सरकार के स्तर पर निर्णय की उम्मीद बढ़ गई है।