रांची, 28 अप्रैल: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजधानी रांची में सिरमटोली-कांटाटोली कनेक्टिंग फ्लाईओवर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को सभी बाधाओं को तुरंत दूर करने का सख्त निर्देश दिया है।
शनिवार को झारखंड मंत्रालय में आयोजित बैठक में पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष फ्लाईओवर की कार्य प्रगति पर विस्तृत पावरपॉइंट प्रस्तुति दी। बैठक में भू-अर्जन, निर्माण संबंधी रुकावटों और अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि रांची शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और बेहतर बनाने के लिए यह कनेक्टिंग फ्लाईओवर बहुत महत्वपूर्ण है, इसलिए कार्य में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि सिरमटोली से कांटाटोली को जोड़ने वाला यह फ्लाईओवर रांची के प्रमुख इलाकों जैसे बहू बाजार-पटेल चौक क्षेत्र में ट्रैफिक जाम को काफी हद तक कम करेगा। वर्तमान में परियोजना की प्रगति लगभग 37 प्रतिशत है और निर्माण कार्य को तेज गति देने के लिए भू-अर्जन प्रक्रिया में तेजी लाने तथा अन्य विभागों से समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि सभी बाधाओं चाहे वह भूमि अधिग्रहण हो या अन्य स्थानीय मुद्दे को शीघ्रता से हल किया जाए ताकि फ्लाईओवर का निर्माण निर्धारित समयसीमा में पूरा हो सके।
यह परियोजना पूरी होने के बाद रांचीवासियों को ट्रैफिक की बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोग लंबे समय से इस कनेक्टिंग फ्लाईओवर के शीघ्र निर्माण की मांग कर रहे थे।
पथ निर्माण विभाग के अधिकारी ने आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुरूप कार्य में तेजी लाई जाएगी और नियमित समीक्षा की जाएगी।