भुरकुण्डा-पतरातू मार्ग पर भारी वाहनों की एंट्री बंद, आरओबी चालू होने तक बदला रूट

Spread the News

रामगढ़, 28 अप्रैल: भुरकुण्डा-पतरातू मार्ग संख्या-39 पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। भुरकुण्डा और पतरातू के बीच नवनिर्मित रेलवे ओवरब्रिज के चालू होने तक भारी वाहनों के आवागमन पर आंशिक रोक लगाते हुए रूट डायवर्जन लागू किया गया है।

ईस्ट सेंट्रल रेलवे, बरकाकाना एवं अंचल अधिकारी, पतरातू से प्राप्त अनुरोध के आलोक में अनुमंडल पदाधिकारी श्री अनुराग कुमार तिवारी ने यह आदेश जारी किया है। यह नई व्यवस्था 28 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगी।

जारी आदेश के अनुसार भुरकुण्डा बाजार से खैरामांझी द्वार के बीच सभी मालवाहक गाड़ियों, ट्रकों और अन्य भारी वाहनों का परिचालन पूर्णतः बंद रहेगा। इसके स्थान पर वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

पहले रूट के तहत सभी भारी वाहन भुरकुण्डा बाजार से मतकमा चौक होते हुए रामगढ़ की ओर जाएंगे तथा रामगढ़ से आने वाले वाहन भी इसी मार्ग से भुरकुण्डा पहुंचेंगे। दूसरे रूट में राँची से आने वाले भारी वाहन पतरातू डैम और मतकमा चौक होते हुए भुरकुण्डा बाजार तक जाएंगे, जबकि वापसी में भी यही मार्ग अपनाया जाएगा।

तीसरे वैकल्पिक मार्ग के तहत राँची एवं रामगढ़ से आने वाले वाहन पतरातू डैम के रास्ते खैरामांझी द्वार होते हुए हिन्देगीरी की ओर जाएंगे। वहीं हिन्देगीरी की ओर से आने वाले भारी वाहन खैरामांझी द्वार से पतरातू डैम की ओर प्रस्थान करेंगे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था आरओबी के पूर्ण रूप से चालू होने तक लागू रहेगी। आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें, ताकि किसी प्रकार की यातायात समस्या या दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो।