DMFT योजनाओं की सख्त मॉनिटरिंग शुरू, बेहतर काम करने वाले विभागों को ही मिलेगी प्राथमिकता: उपायुक्त ऋतुराज

Spread the News

रामगढ़, 28 अप्रैल: जिले में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट के तहत संचालित विकास योजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा को लेकर उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि एवं अभियंता शामिल हुए।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने DMFT योजनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए सभी कार्यकारी एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए। योजनाओं की नियमित निगरानी को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक मानकीकृत फॉर्मेट भी साझा किया गया, जिसमें भौतिक प्रगति, वित्तीय स्थिति और हैंडओवर स्टेटस सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल हैं।

उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे तीन दिनों के भीतर निर्धारित फॉर्मेट में योजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से जिले में चल रहे सभी विकास कार्यों की समेकित जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी, जिससे निगरानी और समीक्षा अधिक प्रभावी हो सकेगी।

स्पष्ट चेतावनी देते हुए उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि भविष्य में उन्हीं विभागों को योजनाओं के क्रियान्वयन में प्राथमिकता दी जाएगी, जिनका कार्य निष्पादन संतोषजनक और गुणवत्तापूर्ण पाया जाएगा।

बैठक के अंत में उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में योजनाओं को पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि आम लोगों को विकास कार्यों का अधिकतम लाभ मिल सके।