सामुदायिक भवन विवाद: सुबोधकांत सहाय ने तुड़वाया विशाल सिंह का पांच दिवसीय अनशन, भवन खुलने तक धरना जारी

Spread the News

रांची, 27 अप्रैल: रांची के सेक्टर-2, वार्ड संख्या 41 स्थित HEC क्षेत्र के सामुदायिक भवन को लेकर मचे विवाद में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए समाजसेवी विशाल सिंह का पांच दिनों से चला आ रहा आमरण अनशन समाप्त करा दिया।

रविवार को सुबोधकांत सहाय अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति माथारू और अजयनाथ शाहदेव के साथ धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने विशाल सिंह को नारियल पानी और जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया।

स्थानीय निवासियों द्वारा बनवाए गए इस सामुदायिक भवन पर रांची नगर निगम ने ताला लगा दिया था। आरोप है कि निगम इसे अपने कब्जे में लेना चाहता है, जबकि जमीन Heavy Engineering Corporation  के अधीन आती है।

भवन का उपयोग क्षेत्र के गरीबों, जरूरतमंदों के लिए होता था- यहां श्राद्ध कार्यक्रम मुफ्त में, शादी समारोह मात्र 1100 रुपये में, बच्चों की गतिविधियां, योग सत्र और अटल क्लिनिक जैसी सुविधाएं उपलब्ध थीं।

सुबोधकांत सहाय ने कहा, “यह लड़ाई आम जनता के अधिकारों की लड़ाई है।” उन्होंने नगर आयुक्त को फोन कर भवन को तुरंत खोलने का निर्देश देने की मांग की।

अनशन भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का धरना-प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक नगर निगम भवन का ताला नहीं खोलता और इसे जनता के उपयोग के लिए उपलब्ध नहीं कराता।

धरना स्थल पर स्थानीय महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे बड़ी संख्या में मौजूद रहे। महानगर कांग्रेस के पदाधिकारियों ने भी इस आंदोलन का पूरा समर्थन किया और आरोप लगाया कि निगम भाजपा के मेयर व डिप्टी मेयर के इशारे पर काम कर रहा है।