रामगढ़/रांची, 23 अप्रैल: संतोष कुमार गंगवार ने राज्य में नाबालिग लड़कियों के लगातार लापता होने के मामलों पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि ऐसे मामलों की त्वरित, प्रभावी और पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जाए तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
बुधवार को लोक भवन की ओर से जारी बयान के अनुसार, राज्यपाल के निर्देश पर उनके अतिरिक्त मुख्य सचिव नितिन कुलकर्णी ने पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा को पत्र भेजा है। पत्र में कहा गया है कि पिछले कुछ समय से राज्य के विभिन्न जिलों में नाबालिग लड़कियों के लापता होने के कई मामले सामने आए हैं, जिनमें कई मामलों में स्थानीय पुलिस की ओर से समय पर उचित कार्रवाई नहीं होने से स्थिति गंभीर होती जा रही है।
राज्यपाल कार्यालय ने सभी जिलों में लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा करने, जिला-वार अद्यतन रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने तथा हर केस की गंभीरता से जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, बच्चियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया है।
राजभवन को हाल के दिनों में इन मामलों से संबंधित कई ज्ञापन भी प्राप्त हुए हैं, जिससे प्रशासनिक स्तर पर चिंता और बढ़ गई है।
गौरतलब है कि झारखंड हाईकोर्ट भी इस मुद्दे पर सख्त रुख अपनाए हुए है। कोर्ट ने पुराने लंबित मामलों में धीमी जांच पर नाराजगी जताते हुए कई बार पुलिस अधिकारियों को तलब किया है। साथ ही, SIT गठन के बावजूद प्रगति नहीं होने पर CBI जांच की चेतावनी भी दी गई है।
राज्यपाल की इस पहल से पुलिस विभाग पर दबाव बढ़ने की उम्मीद है, जिससे लापता बच्चों की खोज और सुरक्षा व्यवस्था में तेजी लाई जा सके।