रांची/रामगढ़, 23 अप्रैल: आगामी चुनावों को लेकर झारखंड में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर चलाए जा रहे SIR अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि “एक भी वोटर छूटे नहीं”, इसके लिए जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाई जाए।
प्रशिक्षण के साथ आयोजित बैठक में झामुमो पदाधिकारियों ने भाजपा की नीयत और नीति पर गंभीर सवाल उठाए। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा SIR की आड़ में आदिवासी, मूलवासी, पिछड़े और वंचित वर्गों के मताधिकार को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। साथ ही यह भी कहा गया कि राशन कार्ड, पेंशन जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों को वंचित करने की साजिश रची जा रही है।
बैठक में एक स्वर में निर्णय लिया गया कि झामुमो का हर कार्यकर्ता जनहित और संगठन की मजबूती के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएगा। कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर मतदाता सूची के सत्यापन, नए मतदाताओं के पंजीकरण और त्रुटियों के सुधार का जिम्मा सौंपा गया।
कार्यक्रम का संचालन झामुमो महासचिव विनोद कुमार पांडे ने किया। बैठक में रांची, धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार और पूर्वी सिंहभूम के जिला पदाधिकारी शामिल हुए। इस अवसर पर झामुमो के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।