रामगढ़ जिला बना राज्य स्तरीय FLN चैम्पियनशिप का ओवरऑल चैंपियन

Spread the News

रामगढ़, 03 अप्रैल: जी.सी.ई.आर.टी. रातु, रांची में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरसी (FLN) चैम्पियनशिप में रामगढ़ जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया। पूरे झारखंड से लगभग 700 प्रतिभागी बच्चों के बीच रामगढ़ के विद्यार्थियों ने हिंदी, अंग्रेजी और गणित विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिससे जिले में हर्षोल्लास का माहौल है।

इस प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षा सचिव उमा शंकर सिंह, राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन और वर्ड पावर चैंपियनशिप के सीईओ प्राणिल नायक उपस्थित रहे। सेमीफाइनल जे.सी.ई.आर.टी. रांची में तथा फाइनल राउंड डोरंडा स्थित शौर्य भवन में आयोजित हुआ।

रामगढ़ जिले के विद्यार्थियों ने विभिन्न वर्गों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की। छावनी बालिका मध्य विद्यालय, सुभाष चौक की लक्ष्य वर्णवाल ने वर्ग 3 में हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों विषयों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। छावनी मध्य विद्यालय, नईसराई की जिया प्रवीण ने वर्ग 5 हिंदी में द्वितीय स्थान हासिल किया।

इसके अलावा, छावनी बालिका मध्य विद्यालय की जया कुमारी ने गणित में चौथा स्थान और मध्य विद्यालय भरेछनगर, मांडू के दीपक कुमार ने गणित में पांचवां स्थान प्राप्त किया। रामगढ़ जिले से कुल 9 छात्र-छात्राओं ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया।

जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम ने सभी सफल विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा, “यह रामगढ़ जिले के लिए गौरव का क्षण है। बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए मैं उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं देती हूं।”

जिला शिक्षा अधीक्षक संजीत कुमार ने कहा कि FLN चैम्पियनशिप प्रारंभिक स्तर से ही बच्चों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास कर रही है, जो उनके समग्र विकास के लिए अत्यंत लाभकारी है। अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नलिनी रंजन ने शिक्षकों, सीआरपी और बच्चों के सतत परिश्रम तथा नियमित मॉनिटरिंग को इस सफलता का मुख्य कारण बताया।

इस अवसर पर एसपीएमयू, रूम टू रीड के जिला कोऑर्डिनेटर आदित्य कुमार सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

यह उपलब्धि रामगढ़ जिले की शिक्षा व्यवस्था की मजबूती और बच्चों की मेहनत को रेखांकित करती है। जिला प्रशासन ने सभी सफल प्रतिभागियों को आगे राष्ट्रीय स्तर की तैयारियों के लिए प्रोत्साहित किया है।