रामगढ़, 31 मार्च: रामगढ़ जिले में अवैध खनन की गतिविधियों को पूरी तरह समाप्त करने के लिए प्रशासन ने सख्ती बरतने का फैसला किया है। सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई, जिसमें उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज़ की अध्यक्षता में अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अजय कुमार भी उपस्थित रहे। जिला खनन पदाधिकारी निशांत अभिषेक ने अवैध खनन के विरुद्ध अब तक की गई कार्रवाइयों की विस्तृत जानकारी पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से दी। उपायुक्त ने हाल के प्रयासों की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में कोयला, बालू, पत्थर सहित सभी प्रकार के अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।
डीसी मुमताज़ ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अवैध खनन मुहानों को चिन्हित कर उन्हें स्थायी रूप से बंद किया जाए। उन्होंने अवैध खनिज परिवहन करने वाले वाहनों में जीपीएस लगाने, रेलवे साइडिंग का नियमित निरीक्षण तथा प्रदूषण नियंत्रण सुनिश्चित करने के भी आदेश दिए। अंचलाधिकारियों और थाना प्रभारियों को अवैध बालू परिवहन पर पूर्ण रोक लगाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक, अंचलाधिकारी तथा पुलिस अधिकारी सहित सभी संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन माफिया की किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कार्रवाई को और अधिक प्रभावी एवं सख्त बनाया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि नियमित निगरानी और सख्ती से जिले में अवैध खनन की समस्या जल्द समाप्त हो जाएगी।