देवघर, 29 मार्च: भारत के प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग बाबा बैद्यनाथ धाम अब सुरक्षा की दृष्टि से खतरे में है। खुफिया एजेंसियों से मिली सूचना के आधार पर झारखंड पुलिस मुख्यालय ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ी करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार, मंदिर परिसर की “रेकी” की जा रही है और इसमें “पाकिस्तानी जासूसों” के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। मंदिर को अंडर थ्रेट मानते हुए देवघर पुलिस और मंदिर प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता बरतने, सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने, चेकिंग कड़ी करने तथा सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस निर्देश से पहले मंदिर की दानपेटी में पाकिस्तानी करेंसी मिलने की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों को और अलर्ट कर दिया था। बुधवार को दानपेटियों की गिनती के दौरान कुल 32 लाख से अधिक रुपये के साथ नेपाली, अमेरिकी डॉलर और यूरो के अलावा पाकिस्तानी मुद्रा भी बरामद हुई। सांसद निशिकांत दुबे ने इस घटना पर राज्य सरकार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है।
इससे पहले भी खुफिया सूचनाओं में पाकिस्तानी जासूसों द्वारा मंदिर को निशाना बनाने और बिहार के एक युवक को मोहरा बनाकर मंदिर की रेकी कराने की साजिश का खुलासा हुआ था।
झारखंड पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। कोई भी खतरा गंभीर है। हमने सभी संभावित जोखिमों को ध्यान में रखते हुए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है।”
मंदिर प्रशासन ने भी श्रद्धालुओं से अपील की है कि कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस या मंदिर सुरक्षा स्टाफ को सूचित करें।